30जेएनडी32-घटनास्थ्ल पर ट्रॉली में उलझी कार। स्रोत राहगीर
जुलाना। रोहतक मार्ग पर कार और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में कार चालक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। मृतक की पहचान जींद निवासी 22 वर्षीय गगनदीप के रूप में हुई है।
गगनदीप खरखौदा में फास्ट फूड कैफे चलाता था। बुधवार शाम को वह कार में जींद लौट रहा था। जब वह सुंदर ब्रांच नहर के पास पहुंचा तो अचानक उसकी कार की टक्कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गतौली चौकी प्रभारी संदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहगीरों की मदद से घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।