25जेएनडी17: शिविर में परेड करते कैडेटस। स्रोत : कैडेटस।
जींद। 15 हरियाणा एनसीसी बटालियन द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय, खुंगा कोठी में आयोजित वार्षिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन कैडेट्स के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत किया।
सुबह के सत्र में कैडेट्स को ड्रिल प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान फुट ड्रिल, आर्म ड्रिल और इंटर इंस्टीट्यूट ड्रिल का अभ्यास करवाया गया। अधिकारियों ने कैडेट्स को अनुशासन और समय पालन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही दैनिक जीवन में नेतृत्व क्षमता विकसित करने वाली गतिविधियों के माध्यम से टीम भावना और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया गया।
दोपहर के सत्र में कैडेट्स को एसएसबी प्रक्रिया और इंटरव्यू स्किल्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सेना में चयन प्रक्रिया, व्यक्तित्व परीक्षण तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के उपायों पर प्रकाश डाला।
कैंप कमांडर कर्नल जगज्योत सिंह डोढ़ी ने मिलिट्री वेपन एवं इक्विपमेंट विषय पर विशेष व्याख्यान देते हुए सेना में उपयोग होने वाले आधुनिक हथियारों और उपकरणों की जानकारी साझा की।