पांडू पिंडारा गांव के पास 12 एकड़ में बनने वाले नए बस स्टैंड का रास्ता साफ हो गया है। प्रशासन द्वारा सात जनवरी को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अवार्ड सुनाया जाएगा।
इसके तहत जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित हुई है, उनको जमीन की कीमत से लेकर अन्य औपचारिकताओं और मिलने वाली राशि तक की जानकारी दी जाएगी।
नए बस स्टैंड को करीब तीन साल पहले मंजूरी मिली थी, लेकिन यह औपचारिकताओं में उलझा हुआ था। पिछले माह में परिवहन विभाग द्वारा मुआवजे की राशि 12.27 करोड़ रुपये राजस्व विभाग को भेजी गई थी।
पिछले सप्ताह ही यह जींद प्रशासन को मिल चुकी है। अब प्रशासन उन लोगों में मुआवजा बांटने की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिनकी जमीन का बस स्टैंड के लिए अधिग्रहण हुई है।
शहर के मास्टर प्लान 2031 में नए बस स्टैंड के लिए करीब 40 एकड़ जमीन का प्रावधान किया गया था, बाद में इसे घटाकर 12 एकड़ कर दिया गया। अब करीब 100 लोगों को अवार्ड सुनाया जाना है।
हो चुका है सेक्शन चार और छह
पिंडारा गांव के पास बनने वाले नए बस स्टैंड के लिए सरकार द्वारा सेक्शन चार और छह लगाया जा चुका है। सेक्शन छह के तहत सरकार जमीन चिन्हित कर उसे अधिग्रहित करने का अंतिम फैसला ले लेती है। इसके बाद सेक्शन नौ की प्रक्रिया होती है, जिसमें जमीन मालिकों को मुआवजा दिया जाता है।
जाम से मिलेगी निजात
बस स्टैंड शहर के अंदर होने के कारण फिलहाल रोडवेज की बसें शहर के बीचोंबीच चलती हैं। खासतौर पर हिसार, बरवाला, कैथल, नरवाना व भिवानी जाने वाली बसें पूरे शहर से गुजरती हैं। नया बस स्टैंड बनने के बाद इन बसों को बाईपास से ही निकाला जाएगा, जिससे काफी राहत मिलेगी।
समय की होगी बचत
नया बस स्टैंड बनने के बाद बाईपास के रास्ते बसें और बस स्टैंड तक जाने वाले अन्य वाहन बाईपास से जाएंगे। शहर में बसों की इंट्री होने से जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। इससे समय बचेगा।
जल्द मिले मुआवजा
बस स्टैंड के लिए पिंडारा गांव निवासी सूरतमल की जमीन भी अधिग्रहित हो चुकी है। सूरतमल के अनुसार उन्हें भी मुआवजा मिलने का इंतजार है। काफी दिन से उनकी जमीन पर सेक्शन छह लगाया जा चुका है, लेकिन असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में जल्द से मुआवजा मिलने का इंतजार है।
बस स्टैंड के लिए अधिग्रहित जमीन के लिए मुआवाजा राशि मिल चुकी है। अब इसके लिए सात जनवरी को अवार्ड सुनाया जाएगा। इसके लिए नोटिस किसानों को भेजा जा चुका है। अवार्ड सुनाने के लिए किसानों को मुआवजा राशि दी जाएगी।
महेंद्र सिंह, डीआरओ, जींद।