गांव घिमाना एक जनवरी सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ किसान राजेंद्र को मंगलवार को पुलिस ने बरामद कर लिया। लापता किसान अपने आप ही घर लौट आया। बाद में पुलिस ने लापता किसान से पूछताछ की तो स्थित स्पष्ट नहीं की और बार-बार अपने बयान बदलता रहा।
पुलिस फिलहाल किसान के लापता होने के कारणों को जानने के लिए पूछताछ कर रही है। किसान राजेंद्र के वापस लौटने की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस उसे सदर थाना ले आई। शुरुआत में पुलिस ने जब राजेंद्र से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे चार अज्ञात लोग उसका अपहरण करके ले गए।
जब पुलिस ने चारों लोगों के हुलिया के बारे में पूछना चाहा तो उसका स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। पुलिस के अनुसार इसके थोड़ी ही देर के बाद किसान राजेंद्र अपहरण की बात से मुकर गया और बार-बार अपने बयान बदलता रहा। फिलहाल पुलिस राजेंद्र के लापता होने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
ज्ञात रहे कि गांव घिमाना निवासी कृष्ण ने एक जनवरी को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई राजेंद्र प्रतिदिन अल सुबह ही सैर करने के लिए घर से गया लेकिन वह घर नहीं लौटा।
जब काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की। जब परिजन खेतों में पहुंचे तो राजेंद्र की चादर तथा पानी की बोतल खेतों में पड़ी थी और वहीं पर किसी वाहन के निशान है। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई की अज्ञात लोगों ने अपहरण किया है।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका सुराग नहीं लग पा रहा था। मंगलवार को गायब किसान राजेंद्र लौट आया। उसके बाद से पुलिस उसके गायब होने के कारणों तथा इस दौरान किसी जगह पर रहा इसके बारे में पूछताछ कर रही है।
सदर थाना प्रभारी धर्मबीर ने बताया कि गायब किसान राजेंद्र अपने आप ही लौट आया। राजेंद्र अपने बयानों से बार-बार बदल रहा है। इसकी जांच की जा रही है।