नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने आए परिजन। संवाद
- फोटो : Jind
संडील गांव से 28 जनवरी रात को लापता हुए व्यक्ति का शव तीन दिन बाद रविवार को गांव के तालाब से मिला। मृतक 28 जनवरी की रात में पड़ोसी के घर उसके बेटे के जन्मदिन की पार्टी में गया था, पर लौटकर नहीं आया। उसके बाद वह नहीं लौटा तो 29 जनवरी को परिजनों ने गुमशुदगी का मामला अलेवा थाना में दर्ज करवाया था। अलेवा थाना पुलिस ने शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
गांव संडील निवासी सुनील ने अलेवा थाना पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका 48 वर्षीय भाई सतीश गांव में उसकी मां के पास रहता है। 28 जनवरी को गांव के ही रामफल के घर पर जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात को घर लौटा था। उसके बाद अचानक घर से लापता हो गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। 29 जनवरी को अलेवा थाना पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह ग्रामीणों ने देखा की गांव के तालाब के निकट सतीश के जूते पड़े हुए हैं। इसके बाद गोताखोर को बुलाकर तालाब में तलाशी की गई तो उसका शव मिला। परिजनों ने कहा कि अगर सतीश तीन दिन पहले तालाब में गिरा था तो उसका पानी भरकर शव ऊपर आना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं है। अलेवा थाना प्रभारी रामकुमार ने बताया कि सतीश की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।