नरवाना। भाखड़ा लिंक नहर में ढाकल पुल के पास रविवार को नहाते समय डूबे 11वीं के छात्र वरुण (16 वर्षीय) का शव मंगलवार रात करीब आठ बजे बरामद हुआ। उसका शव करीब 56 घंटे बाद नहर में रेलवे पुल के पास मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
वरुण मूल रूप से गांव बड़नपुर का निवासी था। वह वर्तमान में परिवार के साथ नरवाना की चमेला कॉलोनी में रहता था। रविवार को वह दोस्तों के साथ ढाकल पुल के पास सिरसा ब्रांच नहर में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर पार करने के दौरान वह तेज बहाव और गहराई में फंस गया था। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह लापता हो गया था।
वरुण की तलाश में पिछले तीन दिनों से एसडीआरएफ की टीम, सदर थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च अभियान चला रहे थे। मंगलवार को भी संभावित स्थानों पर घंटों तक तलाश की गई। देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली थी लेकिन रात करीब आठ बजे रेलवे पुल के पास नहर में उसका शव दिखाई दिया। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया।