जींद। प्यार का झांसा देकर एक युवती ने युवक की अश्लील वीडियो बनाई और अब उसे ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये मांग रही है। शिकायत मिलने पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी मां-बेटी समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उचाना थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति के मोबाइल फोन पर 10 नवंबर 2021 को एक नंबर से कॉल आई तो उसने कॉल उठाई। एक लड़की ने उसे अपना नाम मुस्कान उर्फ निशा बताया और कहा कि गलत नंबर लग गया है। उसके कुछ समय बाद उसी नंबर से उसके पति के व्हाटसअप पर कॉल और मेसेज आने शुरू हो गए। बार-बार मना करने के बाद भी वह युवती मेसेज भेजती रही। उसने अपनी बातों में उलझाकर उसके पति को पिज्जा हट बुलाया और पिज्जा खाते ही दोनों वहां से चले गए। इसके बाद उसके पति के 1900 रुपये की शॉपिंग भी कराई। फिर धीरे-धीरे उसके पति की फोटो मांगनी शुरू कर दी। युवती की बातों में आकर उसके पति ने फोटो भेज दिए और फिर रात को युवती ने उसके पति को घर आने को कहा। उसके पति ने मना करते हुए युवती के नंबर को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद युवती की मां कमलेश का उसके पति के पास नए नंबर से फोन आया और उसे धमकाने लगी। तीन दिसंबर 2021 को महिला कमलेश ने पटियाला चौक चौकी में उसके पति के खिलाफ शिकायत दे दी। सात दिसंबर को जब वह चौकी पर आए तो उसके पति से रुपये देने की मांग की गई। तब से लेकर अब तक मुस्कान और उसकी मां कमलेश उसके पति को परेशान कर रहे हैं और राजीनामा करने के लिए 5 लाख रुपये की मांग रहे हैं। शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नेताजी कॉलोनी निवासी मुस्कान, कमलेश, चांदराम, पवन और कुछ अन्य के खिलाफ धमकी देने, ब्लैकमेल करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।