जींद। रेलवे में ठेके पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.70 लाख रुपये हड़पने के एक आरोपी को उचाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गांव मांडी कलां निवासी सियाराम ने दो जनवरी 2020 को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका बेटा रमन आईटीआई पास है। अगस्त में उसके बेटे रमन का संपर्क पंचकूला निवासी हरिकेश, मीना तथा नरेंद्र से हुआ। तीनों ने बताया कि रेलवे का ठेका लिया हुआ है और नौकरी भी लगवा रहे हैं। इसके बाद तीनों गांव मांडी कलां पहुंचे और उसके बेटे को नौकरी लगवाने की बात कही। इसके एवज में 30 अगस्त को तीनों ने 3.70 लाख रुपये की राशि ले ली और जल्द रेलवे में नौकरी लगवाने की बात कही। लंबा समय बीत जाने के बाद भी उसके बेटे को रेलवे में ठेके पर नियुक्ति नहीं दी। जब उन्होंने राशि वापस देने के लिए दबाव डाला तो उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। उचाना थाना पुलिस ने सियाराम की शिकायत पर हरिकेश, मीना तथा नरेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। उचाना थाना प्रभारी रविंद्र ने बताया कि रेलवे में ठेके पर नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 3.70 लाख रुपये हड़पने के एक आरोपी हरिकेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।