19जेएनडी03: विजेता टीम के खिलाड़ियों के साथ कोच व अन्य। संवाद
जींद। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बिबीपुर में आयोजित इंट्राम्यूरल हैंडबॉल टूर्नामेंट का समापन हुआ। प्रतियोगिता में अर्जुन स्टेडियम गर्ल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंट्राम्यूरल हैंडबॉल खिताब अपने नाम किया। बिबीपुर गर्ल्स टीम उपविजेता रही। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में 12 टीमों ने भाग लेते हुए खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैदान पर हुए रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण, मजबूत रक्षा पंक्ति और शानदार तालमेल का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों का उत्साह देखने लायक रहा और खेल मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि मनदीप गुप्ता और विशिष्ट अतिथि रामपाल साहू ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और संघर्ष की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से जीवन में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डीपी राजेंद्र, डीपी कुलदीप सिंह, कोच सुमित गिल, कोच सीमा, भूपेंद्र शर्मा, पंचायत प्रतिनिधि, क्षेत्र की माताएं-बहनें, युवा साथी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं।