05जेएनडी25: मुख्यमंत्री से मिलते किसान और आढ़ती। संवाद
जुलाना। कस्बे की नई अनाज मंडी में आढ़तियों और किसानों द्वारा सरकार के नए नियमों के विरोध में शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन स्थगित कर दी गई। तीन दिन से चल रही हड़ताल के चलते मंडी में कामकाज प्रभावित रहा।
आढ़तियों और किसानों ने नए नियमों को किसान विरोधी बताते हुए उन्हें वापस लेने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री नायब सैनी जींद से महम की ओर जा रहे थे तो किसानों और आढ़तियों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला। समस्याओं से अवगत कराया। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पवन लाठर ने कहा कि ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट अनिवार्य करना और बायोमीट्रिक प्रणाली लागू करना अव्यवहारिक है। इससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान किसानों और आढ़तियों ने नियमों को वापस लेने की मांग की लेकिन मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नियम दूसरे राज्यों से आने वाली फसलों को रोकने के उद्देश्य से बनाए गए हैं। इन्हें वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंडी में किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
पवन लाठर ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद आढ़तियों और किसानों ने सर्वसम्मति से धरने का स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि मंडी में कोई भी समस्या नहीं आने दी जाएगी।