फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मास्क व सैनिटाइजर नहीं मिलने पर किया प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
जींद। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के सदस्यों ने सोमवार को मांगों के लिए बस स्टैंड के गेट पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने जीएम पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि कोरोना काल में विभाग की ओर से न तो मास्क वितरित किए जा रहे हैं और न ही सैनिटाइजर दिया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने की मांग की है।
विज्ञापन

कर्मचारी नेता बलराज देशवाल, संजय नैन, संदीप रंगा, सुरेंद्र, सुशील, अनिल, बलकार, श्रीभगवान, लाठर, कर्मबीर रंगा, अमरजीत, राजकुमार, जसबीर चहल, सज्जन कंडेला व सतबीर ने कहा कि इस समय कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से जीएम बिजेंद्र सिंह से मास्क, सैनिटाइजर, यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करवाने व कर्मचारियों का वेतन सही समय पर देने की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि जब कर्मचारी ज्ञापन देने गए तो जीएम ने कर्मचारियों की समस्या सुनने की बजाय उनके साथ दुर्व्यवहार किया। कर्मचारियों के प्रदर्शन की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना प्रभारी हरि ओम मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने कहा कि इससे पहले वे शनिवार को भी जीएम से मांगों को लेकर ज्ञापन देने आए थे। उस समय जीएम ने कहीं बाहर निरीक्षण पर जाने की बात कही। उसके बाद सोमवार को कर्मचारियों ने जीएम से मिलकर चालक व परिचालकों को मास्क व सैनिटाइजर देने की मांग की तो जीएम कर्मचारियों पर भड़क गए। कर्मचारी कोरोना संक्रमण के दौरान अपनी ड्यूटी से पीछे हटने वाले नहीं हैं। यह समय लोगों की सेवा करने का मौका है, लेकिन कर्मचारियों को सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध करवाए जाएं। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ने बसों में निर्धारित सीटों पर 50 प्रतिशत यात्रियों के साथ बस चलाने के आदेश दिए हैं, लेकिन जीएम बसों को खचाखच भरवाकर चलवा रहे हैं।
बसों को नहीं किया जाता सैनिटाइज
कर्मचारियों ने कहा कि जीएम केवल बस स्टैंड परिसर को सैनिटाइज करवा रहे हैं, जबकि बसों को सैनिटाइज नहीं किया जा रहा है। बसों में यात्री सफर करते हैं तो बसों से संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा रहता है, लेकिन डिपो की बसों को सैनिटाइज नहीं किया जाता।
विज्ञापन

एसएस और कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी
जीएम ने एसएस वीरेंद्र कुंडू से पूछा कि क्या बसों में ज्यादा यात्री सफर रहे हैं? इस पर एसएस ने मना कर दिया। इस पर कर्मचारी भड़क गए और एसएस व कर्मचारियों के बीच कहासूनी हो गई। मौके पर मौजूद सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने कर्मचारियों को शांत करवाया। इस दौरान जीएम बिजेंद्र सिंह जब कर्मचारियों का ज्ञापन लेने पहुंचे तो कर्मचारियों ने कहा कि पहले जीएम कर्मचारियों से अपने बुरे व्यवहार के लिए माफी मांगे फिर कर्मचारी जीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। इस पर जीएम बिजेंद्र सिंह ने कहा कि अगर कर्मचारियों को उनकी किसी बात का बुरा लगा हो तो वह माफी मांगते हैं और कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
यात्री भूल गए सोशल डिस्टेंसिंग
कोरोना संक्रमण के दौरान बसों का परिचालन पहले की अपेक्षा कम है। दोपहर 12 बजे के बाद जब बस बस स्टैंड परिसर के अंदर आई तो यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान यात्री सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते हुए फिर से नजर आए। यात्रियों ने मास्क जरूर लगा रखे थे, लेकिन टिकट लेने की जल्दी में दो गज की दूरी का ध्यान रखना यात्री भूल गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें