30जेएनडी10: बुराडेहर गांव में जागरूकता अभियान चलाते हुए। स्रोत कार्यकर्ता
जुलाना। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत बुराडेहर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी संतोष यादव ने की।
उपस्थित अधिकारियों ने महिलाओं व अभिभावकों को विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों ने सामुदायिक लामबंदी एवं सामाजिक कुरीतियों में परिवर्तन विषय पर प्रस्तुति दी। लोगों को बेटियों के महत्व और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल अधिकारों, मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित योजनाओं, जैसे पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड लेबर, चाइल्ड मैरिज, चाइल्ड बेगर, 100 दिवसीय अभियान, बाल विवाह मुक्त भारत और साइबर क्राइम के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और हेल्पलाइन नंबर 181 के बारे में भी बताया गया। महिलाओं को डायल 112 और 1098 जैसी आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष यादव ने कहा कि विभाग की सभी योजनाएं आम जनता व बच्चों के हित में चलाई जा रही हैं, जिनका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना जरूरी है।।