सफीदों। युवक का पिस्तौल के बल अपहरण कर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो युवकों को नामजद कर चार-पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मलार गांव निवासी श्यामसुंदर ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन जून को वह ट्रैक्टर लेकर कंप्यूटर गोड़ी लगाने के लिए खेत में गया था। खेत में प्रदीप भी मौजूद था। जब वह सायं तीन बजे प्रदीप के खेत में गोड़ी लगा रहा था उसके पास एक कार में मलार निवासी दिपांशु और मोंटी तथा चार अन्य युवक उतरे। उसी समय दो बाइकों पर पांच युवक भी मौके पर आ गए। मोंटी ने उसकी गर्दन पर पिस्तौल लगा दिया और उसे ट्रैक्टर से नीचे गिरा दिया।
इसी दौरान दिपांशु व अन्य युवकों ने लोहे की राड से उस पर हमला कर दिया। फिर वह उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर गांव में ले गए और गांव के चौराहे पर गाड़ी से नीचे फेंक दिया। वह जाते-जाते जान से मारने की धमकी देते हुए उसका मोबाइल फोन भी साथ ले गए। परिजनों ने उसे सफीदों के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से प्राथमिक उपचार देकर जींद और वहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में दिपांशु और मोंटी को नामजद कर चार-पांच अन्य के खिलाफ हमला करने तथा धमकी देेने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।