ओपीडी में मरीजों की जांच करते डॉ. राजेश भोला।
- फोटो : Jind
नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन और अन्य कार्यों के लिए आने वाले मरीजों को अब हर प्रकार का इलाज उपलब्ध होगा। कोरोना से पहले जिस प्रकार से नागरिक अस्पताल के चिकित्सक काम करते थे, वह अब उसी तरह से कार्य करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने नागरिक अस्पतालों में हर प्रकार की चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री की तरफ से जारी किए गए पत्र में साफ कहा गया है कि नागरिक अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को चिकित्सक कोरोना का भय दिखाकर निजी अस्पतालों में रेफर कर देते हैं, जिसकी वजह से लोगों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज करवाना पड़ता है। इससे लोगों को खासी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में हर प्रकार की ओपीडी, ऑपरेशन व अन्य चिकित्सकीय गतिविधियां शुरू की जाएं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नागरिक अस्पताल में फिलहाल इमरजेंसी के ही ऑपरेशन किए जाते हैं। दांतों की सर्जरी भी बंद है। नागरिक अस्पताल में हर बुधवार को लगने वाला दिव्यांग मेडिकल बोर्ड भी नहीं लगता है, जिसकी वजह से काफी संख्या में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। अब नागरिक अस्पताल में हर प्रकार की ओपीडी, ऑपरेशन तथा अन्य चिकित्सकीय सुविधाएं शुरू की जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री के नागरिक अस्पताल में हर प्रकार की ओपीडी, ऑपरेशन व अन्य चिकित्सकीय गतिविधियां शुरू करने के निर्देश मिले हैं। सोमवार को चिकित्सकों की बैठक लेकर सभी प्रकार की गतिविधियां शुरू करवा दी जाएंगी। फिलहाल नागरिक अस्पताल में ओपीडी हर प्रकार की शुरू है। कुछ सुविधाएं शुरू नहीं हो पाई हैं, सोमवार से सभी प्रकार की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।
डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन, जींद।