नरवाना। व्यापारी को शनिवार रात डरा कर हर माह एक लाख रुपये की चौथ मांगने के पांचों आरोपियों को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर मुंडन कराया और बाजार में घुमाया। आरोपियों की पहचान गांव काब्रच्छा निवासी अमरजीत, प्रवेश, मयंक, राहुल तथा सचिन के रूप में हुई है। उन्होंने व्यापारी की दुकान के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी।
रविवार को पुलिस ने पांचों आरोपियों का भय लोगों के मन से निकालने के लिए उनका जुलूस निकाला। मॉडल टाउन निवासी व्यापारी नरेश जैन ने एफआईआर में बताया था कि शनिवार को कुछ युवक उनकी दुकान पर आए। इसमें दो युवकों ने स्वयं को गांव काब्रच्छा निवासी मयंक और सचिन बताते हुए कहा कि उनका बॉस उनसे अकेले में बात करना चाहता है।
इसके बाद अन्य युवक दुकान में आए जिनमें अमरजीत ने स्वयं को हाल ही में जेल से बाहर आया बताया। फिर उसने शिकायतकर्ता को धमकाते हुए कहा कि भविष्य में सुरक्षा के नाम पर उसे हर महीने एक लाख रुपये देने होंगे अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। आरोपी जाते समय दोबारा फोन कर पैसे मांगने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सीआईए स्टाफ के प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य व अन्य जानकारी के आधार पर सभी नामजद आरोपियों को काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग कार भी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी राहुल, सचिन, मयंक और प्रवेश को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया है जबकि मुख्य आरोपी अमरजीत का रिमांड हासिल करके पूछताछ शुरू कर दी है।
पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी व्यापारी नरेश जैन से मंथली बांधने के उद्देश्य से दुकान पर पहुंचे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। देर रात सूचना के आधार पर गांव ढाकल नहर के पास दबिश देकर सभी को काबू कर लिया गया।
- पूर्ण दास, प्रभारी, शहर थाना पुलिस नरवाना
10जेएनडी23-पुलिस गिरफ्त में चौथ मांगने के आरोपी। स्रोत पुलिस