पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से परेशान गांव पेगां के किसानों ने बुधवार को जींद-कैथल मार्ग पर जाम लगा दिया। नाराज किसानों का कहना था कि शामदों बिजली सब स्टेशन से जुड़े पेगां गांवों के किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।
इस कारण उनकी फसलें भी सूखने लगी है। बारिश नहीं होने से पहले ही किसान परेशान हैं, अब बिजली नहीं मिलने से हालात बदतर हो गए हैं। शामदों बिजली सब स्टेशन पर लोड ज्यादा होने से परेशानी बढ़ गई है। जाम की सूचना पाकर बिजली निगम नगूरां के एसडीओ, अलेवा थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को बिजली समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक लगे जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव शामदों के 33 केवी बिजली स्टेशन से जुड़े गांव पेगां के किसानों का गुस्सा बुधवार को सुबह उस समय फूट पड़ा जब अधिकारियों के आश्वासन के एक सप्ताह बाद भी बिजली समस्या का समाधान नहीं हुआ।
गुस्साए किसानों ने गांव पेगां के बस स्टॉप के पास जींद-कैथल मार्ग पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। किसानों ने बताया कि शामदों बिजली सब स्टेशन की क्षमता बहुत कम है। इस कारण उससे जुड़े गांवों के ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं। लोड के कारण लाइन बार-बार ट्रिप हो रही है। इस कारण किसान ट्यूबवेल से खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। निगम के अधिकारी शेड्यूल के अनुसार आठ घंटे बिजली देने का दावा कर रहें हैं, लेकिन हकीकत में उनके खेतों को एक घंटा भी बिजली नहीं मिल रही है। गर्मी का मौसम होने के कारण फसलों को पानी की सख्त जरूरत है। जिसके चलते उनकी फसलें सूखे के कगार पर पहुंच गई है। अगर बिजली आती है तो वोल्टेज बहुत कम होती है। उन्होंने मांग की कि पेगा गांव के खेतों के कुछ ट्रांसफार्मरों को अन्य फीडरों से जोड़ा जाए या फिर पेगा गांव के खेतों के ट्रांसफार्मरों के लिए अलग से लाइन खींची जाए। इसके अलावा उनकी लाइन को फिलहाल जल्दी चालू कराने का काम किया जाए।
जाम की सूचना पाकर बिजली निगम नगूरां के एसडीओ पीडी कौशिक, अलेवा थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह और चौकी प्रभारी ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद उन्होंने समस्या का निदान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम खोला।
तीन गांवों के किसान बिजली मांगने उचाना कार्यालय पहुंचे
बिजली वितरण निगम कार्यालय उचाना में उचाना खुर्द, दरोली खेड़ा, सेढ़ा माजरा के किसान बुधवार अपने हक की बिजली खेतों में सप्लाई करने की मांग को पहुंचे। किसानों का कहना था कि बिजली की एक लाइन पर लोड अधिक होने से बिजली पर्याप्त नहीं मिल रही है। निगम के एसडीओ सुरेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याओं को दूर करने के आदेश देकर बिजली बेचने के आरोपों की जांच का आश्वासन दिया।
किसान राजकुमार, सुभाष, मांगेराम, शीशपाल ने कहा कि उचाना खुर्द के खेतों में जाने वाले दो लाइनों में से एक पर अधिक लोड होने से हर समय बिजली ट्रिप होती रहती है। इससे खेतों में पर्याप्त बिजली नहीं पहुंच पाती है। इन दिनों धान की रोपाई का कार्य चल रहा है। यहां दो लाइनों में से एक लाइन पर 290 तो एक पर मात्र 160 का लोड है। दोनों लाइनों पर अगर लोड एक जैसा हो तो किसानों को पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल जाएगी।
किसानों ने आरोप लगाया कि उनके हिस्से की बिजली का समय दूसरी लाइन के किसानों को बेचा जा रहा है। किसानों का कहना है कि पैसे लेकर दूसरी लाइन पर अधिक बिजली छोड़ी जा रही है। इस पर अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है।