बैठक कर धरना खत्म करने की जानकारी देते राजेंद्र गुप्ता।
- फोटो : Jind
जींद। जनहित मुद्दों को लेकर लघु सचिवालय के बाहर पिछले 82 दिनों से चल रहा आम आदमी पार्टी का धरना शनिवार को समाप्त हो गया। पंचायत एवं निकाय चुनाव के प्रदेश संयोजक राजेंद्र गुप्ता ने इस मौके पर गांव की गलियों व शहर के वार्डों में सरकार की नीतियों का विरोध करने का एलान लिया।
आम आदमी पार्टी के पंचायत एवं निकाय चुनाव के प्रदेश संयोजक राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उन्होंने जनहित के मुद्दों को लागू करवाने की मांग को लेकर पिछले 82 दिन पहले लघु सचिवालय के बाहर धरना शुरू किया था। लेकिन अहंकारी सरकार ने इन 82 दिनों में उनकी कोई भी मांग नहीं मानी। इससे साफ है कि प्रदेश सरकार जनहित के विरोध में है और सता के नशे में चूर है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए आमजन को विडियो बनाने के अधिकार, दस वर्ष पुराने वाहनों को कबाड़ ठहराने वाले निर्णय का विरोध, नए भूमि अधिग्रहण कानून को रद्द करने, जीएसटी की जटिल प्रक्रिया को सरल करने, बिगड़ी कानून व्यवस्था को दुरुस्त कर व्यापारी-दुकानदारों को सुरक्षा देने समेत कई मांगें थी। लेकिन सरकार ने अपनी हठधर्मिता का परिचय देते हुए कोई मांग नहीं मानी। अब वह सरकार के खिलाफ आमजन को जागरूक करने के लिए गांव की गलियों व शहर की कालोनियों में जाकर जन जागरूक अभियान चलाकर सरकार को मांगें मानने के लिए मजबूर करेंगे। इस अवसर पर हलका प्रधान वीरेंद्र आर्य, लहणा सिंह नंबरदार, जीत सिंह गोयत, राज सिंह मलिक व पंडित महावीर दालमवाला मौजूद रहे।