जींद। शहर में रोहतक रोड बाईपास के नजदीक खाटूश्याम के दर्शन करके पैदल आ रहे बरहा कलां निवासी 17 वर्षीय हैप्पी को कार ने कुचल दिया। उसके दोस्त उसे नागरिक अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हैप्पी अपने गांव के ही जतिन और दोस्त बरहा खुर्द निवासी भूमित के साथ खाटूश्याम के दर्शन करने के लिए गया थे। वह 30 जुलाई को दर्शन करने के बाद वह घर के लिए चल पड़े थे। 31 जुलाई सुबह साढ़े तीन बजे रोहतक रोड बाईपास के पास उतर गए। इसके बाद हैप्पी ने अपने परिजनों को पहुंचने की सूचना दी और कहा कि उन्हें लेने आ जाओ।
इसके बाद वह तीनों सीआरएसयू की तरफ पैदल चल पड़े। भूमित और जतिन आगे-आगे चल रहे थे जबकि हैप्पी अपनी मां से बात करते हुए थोड़ा पीछे चल रहा था। वह बाईपास से थोड़ा चले ही थे कि एक कार ने हैप्पी को कुचल दिया। जब उसके दोस्तों ने पिछे मुड़कर देखा तो कार उनके पास से गुजर गया जिससे वह भी बाल-बाल बचे। उन्होंने तुरंत हैप्पी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वर्जन
पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। वहीं इस मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
राजीव, जांच अधिकारी, शहर थाना पुलिस, जींद