जींद। शहर के वार्ड 27 में टूटी गली की हालात अब वर्षों बाद सुधरेगी। इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर लगा दिया है। यह गली किताब सिंह ढांडा के मकान से बालकिशन के मकान तक बनेगी। इस पर लगभग 16 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके बाद लोगों को टूटी गली से राहत मिलेगी।
शहर की अजमेर बस्ती की मुख्य गली पिछले कई वर्षों से टूटी हुई थी। इसको लेकर कालोनी के लोग चेयरपर्सन से मिले थे, ताकि टूटी हुई गली से गुजरने में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। चेयरपर्सन ने इसको गंभीरता से लेते हुए गली का एस्टीमेट बनवाया। इसके बाद अब टेंडर जारी किए हैं। अगले सप्ताह टेंडर की बिड खुलेगी।
इसके एक माह में गली पर निर्माण कार्य शुरू होना है। नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी ने बताया कि शहर की कोई भी गली कच्ची नहीं रहने दी जाएगी। इसके लिए लोगों की मांग के अनुसार एस्टीमेट बनवाए जा रहे हैं। जिन गलियों के एस्टीमेट बने हैं। उन पर जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
इसके अलावा अगले एक माह में शहर की एक दर्जन से ज्यादा गलियों पर काम शुरू होगा। फिलहाल इन गलियों के टेंडर लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री की तरफ से शहर की गलियों के निर्माण समेत अन्य कार्यों के लिए पिछले लगभग चार माह पहले 40 करोड़ रुपये की ग्रांट जारी हुई थी। उन कार्यों को भी पूरा किया जाएगा।