जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रामपाल सैनी शुक्रवार को जाट धर्मशाला में हुए कार्यक्रम में पहुंचे। संस्था के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कुलपति ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
प्रो. रामपाल सैनी ने धर्मशाला में संचालित पुस्तकालय और अध्ययन कक्ष का निरीक्षण किया। वहां विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को प्राथमिकता देने वाला समाज ही प्रगति करता है। जाट सभा ने विद्यार्थियों के लिए शांत एवं अनुशासित वातावरण में पुस्तकालय की व्यवस्था सराहनीय पहल है, जो युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि जाट समाज की संस्थाओं ने शिक्षा, समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। इस दौरान जाट सभा ने विश्वविद्यालय पुस्तकालय की अतिरिक्त पुस्तकें उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिस पर कुलपति ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि विश्वविद्यालय की डिजिटल लाइब्रेरी का शैक्षणिक कंटेंट जाट धर्मशाला पुस्तकालय को उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने जाट संग्रहालय का अवलोकन किया और समाज की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने निजी कोष से जाट सभा को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।