एक लाख रुपये का इनामी बदमाश पुलिस गिरफ्त में। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। गुरुग्राम, रोहतक व झज्जर जिले की पुलिस के लिए सिरदर्द बने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को जींद पुलिस ने रविवार को जुलाना के पास कच्चा बाईपास से गिरफ्तार किया है। रोहतक के कुलताना निवासी आरोपी अंकित के पास से पुलिस को 32 बोर का कट्टा, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास के आरोपी अंकित पर एक लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था। रविवार को जुलाना थाना प्रभारी सुरेंद्र बागड़ी को सूचना मिली थी कि एक युवक कट्टे के साथ कच्चा बाईपास लिजवाना रोड शादीपुर पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर थाना प्रभारी ने आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर छापा मारा। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने युवक को पकड़ कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास एक 32 बोर का कट्टा, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान रोहतक जिला के कुलताना गांव निवासी अंकित के रूप में हुई।
डीएसपी पुष्पा खत्री ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को अदालत ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इस दौरान पता लगाया जाएगा कि हथियार कहां से लिया और अन्य किन वारदातों को अंजाम दिया। इसके बारे में आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी।
आरोपी पर यह केस हैं दर्ज
- तीन जून 2018 में रोहतक के गांव रोहद निवासी जसबीर पर जान से मारने की नियत से गोलियां चलाने के आरोप में थाना सांपला में मुकदमा दर्ज है।
- चार जुलाई 2018 को थाना फरूकनगर क्षेत्र के हाजिपुर निवासी नरेंद्र पर हत्या के प्रयास में गोली चलाने और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज।
- 24 अगस्त 2018 को शहर थाना बहादुरगढ़ में अवैध हथियार बरामद करने और 15 जुलाई 2020 को गुरुग्राम में मनोज डागर सरपंच अलीपुरा सोहना की गोली मारकर हत्या की थी।