जींद। जिले में डेंगू और मलेरिया के मामले सामने आने का सिलसिला जारी है। पिंडारा गांव में 30 वर्षीय युवक की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। वहीं, मलेरिया के अब तक सात मामले सामने आ चुके हैं। दोनों बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता और जांच अभियान तेज कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 200 से अधिक टीमें मैदान में उतारी गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर लोगों को मच्छरों से बचाव के उपाय बता रही हैं। साथ ही घरों और आसपास के क्षेत्रों में मच्छरों के पनपने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। अब तक लारवा मिलने पर 1250 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
विभाग की टीमें डेंगू और मलेरिया के मामले मिलने पर संबंधित क्षेत्रों में फॉगिंग करवाती हैं। इसके अलावा आसपास के घरों में बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर उनके खून के नमूने जांच के लिए लिए जाते हैं ताकि बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सके और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने तथा खुले बर्तनों में पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई है। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
बॉक्स
पिंडारा गांव में 30 वर्षीय युवक की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बुखार होने पर खुद इलाज करने के बजाय चिकित्सक से संपर्क करें और समय पर जांच करवाएं। घरों और आसपास सफाई रखें व कहीं भी पानी जमा न होने दें।
-डॉ. विजेंद्र ढांडा, नोडल अधिकारी मलेरिया।