जींद-कैथल मार्ग पर शामदो गांव के पास बुधवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल जा रहे नगूरां निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल जींद भेज दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान दर्जकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए ब्यान में नगूरां निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उनकी भैंस मंगलवार रात को पशुबाड़े से कहीं निकल गई थी। भतीजा अनूप भैंसों की तलाश कर रहा था। बुधवार अल सुबह वह गांव से जींद-कैथल मार्ग पर भैंसों को तलाशते हुए शामदो की तरफ जा रहा था। इस दौरान किसी वाहन चालक ने उसे गाड़ी की चपेट में ले लिया। टक्कर लगने के बाद अनूप की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान दर्जकर शव का पोस्टमार्टम करवा कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।