12जेएनडी10-कस्बे के वार्ड 11 में गिरे मकान को दिखाती महिला प्रीति। संवाद
पिल्लूखेड़ा। तेज आंधी और बारिश के चलते के पिल्लूखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर 11 में प्रीति पत्नी कुलदीप का मकान गिर गया। उस समय प्रीति स्वयं अपने बच्चे व मवेशी के साथ मकान के अंदर ही थीं। गनीमत रही कि बच्चे भाग कर घर से बाहर आ गए और पड़ोसियों को मदद की गुहार लगाई।
वार्ड नंबर 11 के पंच सत्यवान सोनी ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर भैंसों को घर से बाहर निकाला और उन्हें अन्य जगह शरण दी। प्रीति के घर में दरारें भी आ गई हैं, जो किसी भी समय गिर सकता है। वह घर रहने लायक ही नहीं बचा। प्रीति विधवा हैं। उनके पति कुलदीप की मृत्यु 12 साल पहले हो चुकी है उनके 2 बच्चे एक लड़का और एक लड़की हैं। प्रीति किसी प्रकार अपना और बच्चों का गुजारा कर रहीं हैं। वह दोबारा मकान बनाने की स्थिति में नहीं है। प्रीति के साथ साथ उसके पड़ोसियों ने भी सरकार से गुहार लगाई कि प्रीति को मकान दोबारा बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वह अपना व बच्चों का गुजारा कर सकें।