जींद। गीत, संगीत, नृत्य और अभिनय की प्रस्तुतियों से सजे दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव का बुधवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद में समापन हुआ।
दूसरे दिन नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंच पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में हरियाणवी लोक परंपराओं के साथ भारतीय संस्कृति और सामाजिक विषयों की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व को निखारने का भी प्रभावी जरिया है। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी सरोज श्योकंद, प्राचार्य अनीता सांगवान, पूर्णिमा शर्मा, विनिता गुप्ता, संतोष आर्य, गीता जैन, ताराबाई, डॉ. रमेश धारीवाल, राजकुमार लोहान, विकास लाठर, आजाद जुलानी, रमेश भनवाला, संजीत कौशिक, प्रवीण कुमार, शीला, पूजा मुद्गिल, मंजू हुड्डा, सुरेश चहल मौजूद रहे।
फोक डांस में नरवाना की छात्राएं प्रथम, स्किट में करसोला अव्वल
जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में फोक डांस ग्रुप में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नरवाना की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जींद की टीम दूसरे और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, करसोला की टीम तीसरे स्थान पर रही। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लिजवाना की टीम को सांत्वना पुरस्कार मिला। स्किट ग्रुप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, करसोला की टीम ने प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उचाना मंडी ने द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामराय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रत्ता खेड़ा की टीम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित
हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी डीसी ने सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कला के क्षेत्र में लगातार प्रयास करते हुए अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
02जेएनडी27, 28: आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देते हुए छात्राएं। संवाद