जींद। अपनी गाड़ी को एजेंसी में छिपाकर बीमा राशि हड़पने की नीयत से चोरी की शिकायत दर्ज करवाने के आरोपी दिल्ली के अशोक नगर निवासी टीनू को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
शहर थाना पुलिस को अक्तूबर 2022 में सूचना मिली कि रोहतक रोड स्थित टोयोटा की एजेंसी पर यूपी-16 बीएस 4466 नंबर की दो गाड़ियां खड़ी हैं। इनमें से एक गाड़ी दिल्ली से चोरी की गई है। इस पर पुलिस ने छापा डालकर एजेंसी के मैनेजर महेश माथुर निवासी न्यू अशोक नगर, नई दिल्ली को सूचित करके जांच की तो सामने आया कि एजेंसी में यूपी-16 बीएस 4466 नंबर की दो बलेनो गाड़ी खड़ी थीं। मैनेजर से पूछताछ करने पर उसने बताया कि दोनों गाड़ी उनके भाई नई दिल्ली निवासी टीनू के नाम पर हैं। जब उनकी जांच की गई तो दोनों के इंजन व चेसिस नंबर अलग-अलग मिले। उनके कोई कागजात नहीं मिले। पुलिस ने जब साइबर पुलिस की मदद से गाड़ियों की जांच की, तो पता चला कि दूसरी गाड़ी न्यू अशोक नगर दिल्ली से चुराई गई है। इसका असली नंबर डीएल 6 सीआर 0640 है। एएसआई विनोद कुमार ने बताया था कि मामले में एजेंसी के मैनेजर महेश को गिरफ्तार कर लिया था। उस दौरान टीनू ने अपनी गाड़ी को चोरी दिखाकर उसी रंग और मॉडल की दूसरी गाड़ी खरीद ली थी, ताकि किसी को शक न हो और वह एक गाड़ी के बीमा की राशि हड़प ले। रोहतक रोड चौकी प्रभारी पीएसआई मनोज कुमार ने बताया कि अब टिनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।