दिल्ली से जैजैवंती गांव आए कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के खिलाफ कोरोना वायरस फैलाने व सरकार के आदेशों का पालन नहीं करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर किया है।
जैजैवंती निवासी व्यक्ति 18 मई को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना की जांच के लिए सैंपल दिया था। उसके बाद वह दिल्ली चला गया था। 20 मई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। व्यक्ति जयपुर गोल्डन अस्पताल दिल्ली में अकाउंटेंट है और नांगलोई में रहता है। 18 मई को वह अपनी बुआ के घर पहुंचा और कोरोना के संदेह में जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गया और सैंपल दिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवक का सैंपल लेकर उसे मेडिकल कॉलेज खानपुर भेज दिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पॉजिटिव व्यक्ति अपने परिवार के साथ दिल्ली के नांगलोई में रहता है। युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग जैजैवंती पहुंचा और व्यक्ति के संपर्क में आए नौ लोगों और जुलाना से आदर्श कॉलोनी निवासी पांच लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना लाया। यहां पर स्वास्थ्य विभाग ने 14 लोगों के सैंपल लिए, लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने संक्रमण फैलाने व सरकारी आदेश का पालन नहीं करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
दिल्ली से जैजैवंती गांव आए कोरोना पॉजिटिव 40 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ कोरोना वायरस फैलाने व सरकार के आदेशों का पालन नहीं करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सुरेंद्र सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।