नरवाना। शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए नगर परिषद ने ठोस कदम उठाना शुरू कर दिया है। पिछले साल 2025 में अब तक करीब 2400 से अधिक शहरवासी कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं। औसतन हर माह 200 से ज्यादा लोग कुत्तों के हमले में घायल हो रहे हैं।
लगातार बढ़ रही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद ने कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया है। नगर परिषद की ओर से इस कार्य को लेकर टेंडर लगाया गया था, जो अब ओपन हो चुका है। इसके बाद राजस्थान की सिद्धि एनीमल वेलफेयर सोसाइटी को यह कार्य अलॉट किया गया है।
सोसाइटी की टीम ने अब तक 36 आवारा कुत्तों को पकड़ लिया है। इन कुत्तों को नगर परिषद द्वारा बनाए गए अस्थायी ओपन एयर थिएटर में पांच दिनों के लिए रखा जाएगा। पहले दिन निरीक्षण के बाद उनका ऑपरेशन कर नसबंदी की जाएगी और निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद उन्हें उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद इस कार्य में तेजी लाई गई है।
नप के पास 800 से अधिक आवारा कुत्तों को पकड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। शहर की सड़कों और गलियों में घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राह चलते लोग अचानक कुत्तों के झपटने से घायल हो जाते हैं। इसके बाद उन्हें इलाज कराना पड़ता है। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आवारा कुत्तों को शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों व अन्य सार्वजनिक स्थलों से हटाकर उनकी नसबंदी और टीकाकरण के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद का यह अभियान लोगों को राहत दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इंसेट
चार माह में कुत्तों के काटने पर एक नजर
माह संख्या
सितंबर 261
अक्तूबर 200 से ज्यादा
नवंबर में 250 से ज्यादा
दिसंबर में 258
वर्जनशहर में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ा जा रहा है। बीते साल में काफी कुत्तों द्वारा काटने के केस सामने आए थे। इसलिए टेंडर लगाया गया है। बधियाकरण कराया जाएगा। टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया है। इनके लिए अलग से अस्थायी व्यवस्था ओपन एयर थिएटर में की गई है। शिकायतें मिलती है कि कुछ गलियों में कुत्तों की संख्या ज्यादा है और आने-जाने का खतरा बना रहता है।
–विशाल मिर्धा, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद, नरवाना।
बाक्स
नगर परिषद द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को मानते हुए कुत्तों को पकड़ बधियाकरण किए जाने को लेकर टेंडर ओपन हो चुका है। इसके बाद राजस्थान की फर्म को वर्क अलाट कर दिया है। जिसमें 800 के करीब कुत्तों को पकड़ने का टारगेट है। अब शहरवासियों को काफी राहत मिल सकेगी।
–सुदीप, एसआई, नगर परिषद, नरवाना।