जींद। नगूरां गांव में असंध मार्ग के साथ लगती कॉलोनी के लोगों को जल्द ही पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। मैकेनिकल विभाग ने कॉलोनी में करीब 15 लाख रुपये की लागत से बोर लगाने को मंजूरी दे दी है। जलापूर्ति विभाग की ओर से जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बोर के लिए टेंडर लगाया जाएगा। इसके बाद करीब एक-दो सप्ताह में काम शुरू होने की उम्मीद है।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप ने बताया कि असंध मार्ग के साथ लगती कॉलोनी में लंबे समय से पीने के पानी की समस्या बनी हुई थी।
कॉलोनी के लोग कई बार पंचायत के पास पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग लेकर पहुंचे थे।
पंचायत के पास पर्याप्त फंड नहीं होने के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था। नगूरां जलघर से कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति देने का प्रयास भी किया गया लेकिन लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका।
इसके बाद पंचायत ने विभाग के उच्चाधिकारियों के समक्ष मामला उठाया। अब विभाग ने करीब 15 लाख रुपये की लागत से बोर लगाने की मंजूरी दे दी है। इससे कॉलोनी के लोगों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।