जींद। बैंक से पेंशन के 35 हजार रुपये निकलवाकर रोडवेज से घर जा रही महिला को एक दूसरी महिला ने बातों में उलझाकर नशीला पेय पदार्थ पिला दिया और उससे 35 हजार रुपये, सोने की दो बालियां व सामान लेकर फरार हो गई। महिला ने होश आने पर इसकी सूचना परिजनों को दी। फिर परिजनों ने इसकी जानकारी शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में घसो गांव निवासी महिला पतासो ने बताया कि उसका पति हरियाणा राज्य परिवहन में कर्मचारी था। जिसकी 1987 में मौत होने पर उसके स्थान पर उसे नौकरी मिली थी। उसने बताया कि वह 12 नवंबर को सफीदों गेट स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में अपनी पेंशन लेने के लिए गई थी। जब वह बैंक से पेंशन लेकर वापस आई तो उसको बाहर एक महिला मिली। जिसने उसको बातों में उलझा लिया और वह उसको जूस पिलाने के बहाने से फव्वारा चौक ले गई। उसने जूस पीने से मना किया तो उसने जबरदस्ती कर उसको थोड़ा सा जूस पिलाया। इसके बाद वह बेसुध हो गई। इसके बाद जब उसको होश आया तो उसके 35 हजार रुपये, सोने की दो बालियां व अन्य सामान गायब थे। फिर उसने इस मामले की जानकारी परिजनों को दी। शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर रुपये व सोने के जेवरात ठगने के आरोप में अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।