जींद। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने 28 समस्याओं की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का समाधान शीघ्र व नियमानुसार सुनिश्चित करें।
प्रदेश सरकार सुशासन सप्ताह के तहत जिले में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें नागरिकों की व्यक्तिगत और सार्वजनिक शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है।
उपायुक्त ने सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक इन शिविरों में 28 समस्याओं की सुनवाई की गई। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। समाधान शिविरों के माध्यम से जनता को एक छत के नीचे राहत प्रदान की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे सीपी ग्राम पोर्टल पर लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें और शिविरों में शिकायतकर्ताओं को उनके समाधान की जानकारी दी जाए। समाधान शिविर में फैमिली आईडी से संबंधित समस्याएं अधिक सामने आईं। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर न केवल जिला मुख्यालय ही नहीं बल्कि उपमंडल स्तर पर भी आयोजित किए जा रहे हैं,
जहां नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर एडीसी विवेक आर्य, सीईओ जिला परिषद अनिल दून, एसडीएम नरवाना दलजीत सिंह, सीटीएम डॉ. आशीष देशवाल, एसडीएम जुलाना प्रवीण कुमार मौजूद थे।