अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। जींद-रोहतक नेशनल हाईवे पर गतौली एवं जैजैवंती गांव के बीच शुक्रवार दोपहर बाद ट्रैक्टर व कार की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
जैजैवंती गांव निवासी विक्की ट्रैक्टर पर सवार होकर गतौली की तरफ आ रहा था। जब वह जींद-रोहतक मार्ग पर जैजैवंती और गतौली गांव के बीच पहुंचा तो पीछे से आ रही एक कार ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ट्रैक्टर पलट गया और विक्की इसके नीचे दब गया। दुर्घटना में कार सवार कैथल निवासी इकबाल भी घायल हो गया। ग्रामीणों ने विक्की को ट्रैक्टर के नीचे सेेे निकाला। घायलों को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल करवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में भिजवाया। विक्की ने जींद-रोहतक मार्ग पर जैजैवंती एवं गतौली गांव के बीच रोडी-क्रेसर की दुकान की हुई थी। विक्की दुकान से ही ट्रैक्टर लेकर आ रहा था और हादसा हो गया।