अमर उजाला ब्यूरो
जींद। कंडेला गांव में विवाहिता की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर बाद परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे। यहां परिजनों को महिला का ससुर नजर आया तो उसको पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बीच बचाव कर छुड़वा दिया। इस पर आरोपियों को शह देने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके बाद परिजन एसएसपी डॉ. अरुण सिंह ने मिले और एसएसपी ने जांच महिला सेल प्रभारी निरीक्षक कविता को सौंप दी।
गौरतलब है कि बुधवार शाम कंडेला गांव निवासी 25 वर्षीय आशा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस पर परिजनों ने महिला के पति व सास पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। वहीं महिला का शव ससुराल पक्ष के लोगों को दिए जाने पर परिजनों ने हंगामा करते हुए गोहाना रोड जाम भी कर दिया था। इस मामले में महिला के पति सुरेंद्र व सास संतोष के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस पर बयान सही नहीं लिखने के आरोप
एसएसपी को दी शिकायत में परिजनों ने कहा कि पुलिस ने उनके बयान सही नहीं लिखे हैं। आरोप लगाया कि आशा की आत्महत्या में उसकी एक ननद का भी हाथ है। आशा के पिता ने कहा कि करीब चार महीने पहले आशा के पति व सास को दो लाख रुपये दिए थे। उन्होंने आरोप लगाए कि 2015 में दस फरवरी को भी आशा के साथ मारपीट की गई थी। इस पर एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। परिजनों ने जांच बदलने की मांग की थी। इस पर महिला सेल प्रभारी निरीक्षक कविता को जांच सौंपी गई है।
-डॉ. अरुण सिंह, एसएसपी।