फोटो 01जेएनडी01-अलेवा क्षेत्र में अवैध पटाखों के साथ पकड़ा गया पुलिस गिरफ्त में आरोपी। स्रोत पु
जींद। पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध पटाखों के भंडारण का खुलासा किया। नरवाना में किराने की दुकान और उसके ऊपर बने कमरे से 163 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए।
वहीं, अलेवा में गोदाम से 60 किलोग्राम पटाखे मिले। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना शहर नरवाना पुलिस को शनिवार शाम सूचना मिली थी कि धर्म सिंह कॉलोनी निवासी चंद्रभान ने ढाकल रोड स्थित विश्वकर्मा चौक के पास अपनी किराने की दुकान और उसके ऊपर बने कमरे में भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं।
उप निरीक्षक आजाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान और कमरे से कुल 163 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी से पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मांगा लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने पटाखों को सील कर कब्जे में ले लिया है।
अलेवा में गोदाम में रखे थे पटाखे
दूसरी कार्रवाई अलेवा में की गई। थाना अलेवा पुलिस की टीम बस अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव निवासी साहिल अपने मकान के साथ बने गोदाम में अवैध रूप से पटाखे रखकर बेच रहा है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर गोदाम में छापेमारी की। तलाशी लेने पर वहां अलग-अलग किस्म के 60 किलोग्राम पटाखे मिले। आरोपी पटाखों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि पुलिस ने पटाखों को सील कर कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
वर्जन
पटाखों का भंडारण और बिक्री वैध लाइसेंस व निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें। अवैध भंडारण की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
–उपासना, एसपी, जींद।
फोटो 01जेएनडी01-अलेवा क्षेत्र में अवैध पटाखों के साथ पकड़ा गया पुलिस गिरफ्त में आरोपी। स्रोत पु