जींद। तमिलनाडु के चेन्नई में 23 से 27 अक्तूबर तक आयोजित होने वाली नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के 157 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और तमिलनाडु एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में पांच दिवसीय प्रतियोगिता जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
खेल मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में हरियाणा का 157 एथलीटों का दल भाग लेगा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान और एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी मेहनत व प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।