जींद। जींद डिपो में किलोमीटर स्कीम वाली 15 बसें और शामिल हो गई हैं। इसके साथ ही डिपो में किलोमीटर स्कीम वाली बसों की संख्या 37 हो गई है। किलोमीटर स्कीम वाली बसों को मिलाकर डिपो में रोडवेज बसों की संख्या 164 हो गई है। इसके अलावा डिपो में परिवहन समिति की 110 बसें भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि किलोमीटर स्कीम वाली बसों पर चालक परिवहन समिति का और परिचालक रोडवेज कर्मचारी होता है। रोडवेज द्वारा 26.92 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से परिवहन समिति के बस ऑपरेटर को भुगतान किया जाता है। वहीं किलोमीटर स्कीम वाली बसों की मरम्मत और डीजल का खर्च परिवहन समिति के ऑपरेटर द्वारा वहन किया जाता है। फिलहाल किलोमीटर स्कीम वाली 22 बसें सालासर, गंगानगर, पौंटासाहिब, हिसार व चंडीगढ़ जैसे लंबे रूटों पर चल रही हैं।
वहीं किलोमीटर स्कीम के तहत शामिल हुई नई 15 बसों को यात्रियों की सुविधानुसार हिसार व रोहतक जैसे लोकल रूटों पर चलाया जा रहा है। इसके अलावा अगले महीने डिपो में 35 रोडवेज बसें और शामिल होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। किलोमीटर स्कीम के तहत डिपो में सबसे पहले एक मार्च 2020 में 15 बसें शामिल की गई थी। इन बसों का परिचालन शुरू में केवल 21 दिन ही हुआ था। कोरोना संक्रमण के चलते 22 मार्च से जनता कर्फ्यू और बाद में लॉकडाउन लगाया गया था। स्थिति सामान्य होने के बाद मई 2020 में बसों का परिचालन फिर से शुरू हुआ। अगस्त 2020 में किलोमीटर स्कीम वाली सात बसें और शामिल हुई, जिसमें से दो बस सफीदों और पांच बस नरवाना उपकेंद्र में भेजी गई। अब सितंबर महीने के शुरुआत में डिपो में किलोमीटर स्कीम वाली 15 बस और शामिल की गई हैं। इस प्रकार डिपो में किलोमीटर स्कीम वाली बसों की संख्या 37 हो गई है।
किलोमीटर स्कीम वाली 15 नई बसें और डिपो में शामिल की गई हैं। इन्हें यात्रियों की सुविधानुसार विभिन्न रूटों पर चलाया जा रहा है। डिपो में किलोमीटर स्कीम वाली बसों की संख्या अब 37 हो गई है। इसके अलावा अगले महीने डिपो में 35 रोडवेज बस और शामिल होने की उम्मीद है। किलोमीटर स्कीम वाली बसों के आने से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
- गुलाब सिंह दूहन, रोडवेज जीएम जींद डिपो।