अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
ईक्कस गांव स्थित परीक्षा केंद्र पर चल रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में परीक्षा केंद्र अधीक्षक पर नकल करवाने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। केंद्र अधीक्षक राजेश कुमार ने इसकी शिकायत बोर्ड सचिव धीरेंद्र खडगटा से की है।
बुधवार को बोर्ड सचिव को व्हाट्सएप पर भेजी शिकायत में परीक्षा केंद्र अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि नकल रोकने पर उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर नकल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। इस पर असामाजिक तत्वों द्वारा उन्हें धमकियां दी जा रही है। ऐसे में उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई जाए। इस मामले में गांव की महिला सरपंच के पति का नाम भी आया है। आरोप है कि सरपंच के पति हरपाल सिंह ने उन्हें परीक्षा केंद्र में आकर कहा है कि यदि वे चाहें तो परीक्षा ड्यूटी से रिलीव हो सकते हैं।
अंतिम परीक्षा के दिन देख लेने की धमकी
केंद्र अधीक्षक राजेश कुमार ने अमर उजाला को बताया कि तीन-चार दिन पहले वे परीक्षा होने के बाद अपनी गाड़ी से घर जा रहे थे। इस दौरान ढाणी गांव के पास तीव्र मोड़ होने के कारण गाड़ी की गति काफी कम हो गई। यहां पहले से ही कुछ युवक खड़े थे, उन्होंने अंतिम परीक्षा के दिन उन्हें देख लेने की धमकी दी है।
परीक्षाओं में लगाई रोक
मैंने बोर्ड परीक्षाओं में पूरी तरह से रोक लगा रखी है। इस पर परीक्षा दिलवाने के लिए साथ आने वाले लोग व अन्य लोग धमकियां दे रहे हैं। ड्यूटी स्टाफ ने भी कहा है कि अंतिम परीक्षा के दिन कोई हादसा हो सकता है। यह भी परोक्ष रूप से धमकी है। ऐसे में बोर्ड सचिव को शिकायत की है।
राजेश कुमार, परीक्षा केंद्र अधीक्षक।
आरोप निराधार
तमाम आरोप निराधार हैं। परीक्षा नकल रहित करवाने के लिए दो पंचों की ड्यूटी लगाई गई है। मैं स्थिति देखने के लिए एक दिन जरूर स्कूल गया था, लेकिन इस प्रकार की कोई बात नहीं हुई। मुझे नहीं पता केंद्र अधीक्षक इस प्रकार के आरोप क्यों लगा रहे हैं।
हरपाल सिंह, सरपंच के पति।
मुझे मामले की जानकारी नहीं है। यदि व्हाट्सएप पर यह शिकायत डाली गई है तो इसमें उचित कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड नकल रहित परीक्षाएं करवाने के लिए काम कर रहा है।
धीरेंद्र खडगटा, सचिव, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।