02जेएनडी09-आनंद सहारण, जिला गणित विशेषज्ञ।
जींद। नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) के परिणाम में जिलेभर के 127 विद्यार्थियों का चयन हुआ। चयनित विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक हर महीने एक हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में दिए जाएंगे। एनएमएमएस योजना भारत सरकार द्वारा चलाई गई योजना है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों का चयन कर उनका शैक्षणिक विकास करना है। 17 नवंबर को परीक्षा हुई थी। एनएमएमएस परीक्षा के दो भाग थे, जिसमें पहला भाग मानसिक योग्यता परीक्षण आधारित था। इसमें विद्यार्थियों के तर्क विश्लेषण व संश्लेषण को जांचने के लिए बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे, जिसमें 90 प्रश्न थे। प्रत्येक प्रश्न एक-एक अंक का था। वहीं, दूसरा भाग बौद्धिक योग्यता परीक्षण आधारित था। इसमें विज्ञान के 35, गणित के 20 व सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न पूछे गए थे। जिले के 127 विद्यार्थियों का एनएमएमएस परीक्षा में चयन हुआ है। नेशनल मींस मेरिट कम स्कॉलरशिप परीक्षा को लेकर जिलेभर से 2697 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इसमें से 2409 विद्यार्थी परीक्षा के दौरान उपस्थित रहे थे और 288 विद्यार्थी गैर हाजिर रहे थे। अब परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ है, जिसमें जिले के 127 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
बॉक्स
एनएमएमएस मेधावी विद्यार्थियों के लिए अच्छी योजना
नेशनल मींस मेरिट कम स्कॉलरशिप प्रतियोगिता मेधावी विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग की ओर से अच्छी योजना है। इसमें एक ओर जहां विद्यार्थियों का गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों को रुचि के साथ पढ़ने की भावना जागृत होती है, वहीं दूसरी ओर यह परीक्षा उत्तीर्ण करने पर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में प्रोत्साहन राशि भी मिलती है। ऐसे में विद्यार्थियों को चाहिए कि वह शिक्षा विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं।
-आनंद सहारण, जिला गणित विशेषज्ञ।