जींद। रोडवेज डिपो की फ्लाइंग ने चार महीने में 1200 यात्रियों को बिना टिकट बसों में यात्रा करते हुए पकड़ा है। फ्लाइंग ने उन यात्रियों से आठ लाख रुपये जुर्माना भी वसूला है। यह पूरी कार्रवाई आठ हजार बसों की चेकिंग के बाद हुई है। बिना टिकट यात्रा करने वाले व वाट्सएप गु्रप बनाकर रोडवेज फ्लाइंग टीम की सूचना सार्वजनिक करने वालों पर रोडवेज सख्त हो गया है।
रोडवेज फ्लाइंग टीम ने पिछले चार महीने में आठ हजार बसों की जांच के दौरान 1200 से अधिक यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा है वहीं इसके अलावा वाट्सएप ग्रु्प बनाकर फ्लाइंग टीम की सूचना सार्वजनिक करने वाले यात्रियों पर भी पकड़ बनाए है, जिसमें ज्यादतार विद्यार्थी शामिल हैं। रोडवेज फ्लाइंग टीम ने सितंबर महीने में वाट्सएप गु्रप बनाकर रोडवेज फ्लाइंग टीम की सूचना सार्वजनिक करने वाले एक विद्यार्थी को पकड़ा था। इसमें विद्यार्थी ने वाट्सएप गु्रप जींद आर्मी के नाम से बनाया हुआ था, जिसमें 150 से ज्यादा सदस्य जुड़े हुए थे। इसके अलावा जून महीने में भी फ्लाइंग टीम ने वाट्सएप गु्रप वाले विद्यार्थियों पर शिकंजा कसा था। फ्लाइंग टीम ने सफीदों-पानीपत रूट पर बसों की जांच के दौरान दो विद्यार्थियों को फ्लाइंग टीम की सूचना शेयर करते हुए पकड़ा था। इस गु्रप का नाम विद्यार्थियों ने जींद टू पानीपत रखा हुआ था, जिसमें 169 विद्यार्थी जुड़े हुए थे। वहीं जून महीने में ही वाट्सएप ग्रुप बनाकर फ्लाइंग टीम की सूचना सार्वजनिक करने वाले चार विद्यार्थियों को भी पकड़ा गया था। इन दो गु्रप में 500 से ज्यादा विद्यार्थी जुड़े हुए थे। एक गु्रप का नाम जींद टू नरवाना व दूसरे गु्रप का नाम कति शरीफ बालक रखा था।
जानें...किस माह कितने बेटिकट यात्रियों पर कसा शिकंजा
पिछले चार महीने में रोडवेज फ्लाइंग टीम ने बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसा है। जून महीने में रोडवेज फ्लाइंग टीम द्वारा 2137 बसों की जांच की गई, जिसमें 226 यात्री बिना टिकट सफर करते हुए पाए गए, जिन पर एक लाख 67 हजार 250 रुपये जुर्माना वसूला गया। जुलाई महीने में 2210 बसों की जांच की गई, जिसमें 512 यात्री बिना टिकट सफर करते हुए पाए गए, जिन पर दो लाख 33 हजार 900 रुपये जुर्माना लगाया गया है। अगस्त महीने में 1778 बसों की जांच के दौरान 452 यात्री बिना टिकट सफर करते हुए पाए गए, जिन पर दो लाख पांच हजार 250 रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं सितंबर महीने में 2602 बसों की जांच के दौरान 132 यात्री बिना टिकट सफर करते हुए पाए गए, जिन पर दो लाख 38 हजार 740 रुपये जुर्माना लगाया गया।
बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों को पकड़ने का अभियान जारी रहेगा। रोडवेज फ्लाइंग को सभी रूटों पर तैनात रहने के निर्देश दिए हुए हैं। यात्रियों को चाहिए कि वह टिकट लेकर ही सफर करें। वहीं विद्यार्थी भी पास लेकर आवागमन करें।
-अशोक कौशिक, रोडवेज महाप्रबंधक जींद डिपो।