बेरी। अपनी बहन के घर आए युवक का शव गांव माजरा डी में तालाब में मिला है। युवक की पहचान मैनपाल पुत्र श्रीचंद गांव सोहला जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह बुधवार की शाम को संदिग्ध अवस्था में लापता हो गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव सोहला जिला महेंद्रगढ़ निवासी मैनपाल गांव माजरा में अपनी बहन सरोज के घर आया हुआ था। बुधवार शाम को मैनपाल घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। वीरवार की शाम करीब 5 बजे गांव माजरा के तालाब में ग्रामीणों ने शव को उतराता हुआ देखा तो इसकी सूचना बेरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव को तालाब से निकलवाने के बाद युवक की पहचान हो गई। बेरी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि गांव माजरा डी में तालाब में युवक के शव मिलने की सूचना मिली थी। युवक की जोहड़ में डूबने से मौत हुई है। युवक के शव को झज्जर के शव गृह में रखवा दिया गया है। शुक्रवार को झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।