बेरी। नागरिक अस्पताल बेरी के बाहर बुधवार को मृत अवस्था में मिले श्रमिक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर 4 लोगों के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वीरवार को परिजनों के झज्जर पहुंचने के बाद पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के जिला कुशीनगर के गोदारिया निवासी रामेश्वर ने बताया कि उसका छोटा भाई रविंद्र करीब 3 माह पहले गांव दुबलधन में मजदूरी करने आया था। 22 फरवरी की रात को रविंद्र की लाठी-डड़ों से पीटकर हत्या की गई है। उसका आरोप है कि सुकेश पुत्र धारे व इसके लड़के मंजीत निवासी दुबलधन व दौलत मिस्त्री पुत्र गुलजारी निवासी राजस्थान व मिस्त्री रवीकांत उर्फ बंटी पुत्र रामफल निवासी गोरा गांव थाना एरच जिला झांसी ने उसके भाई की लाठी व डंडों से पीटकर हत्या की है।
यह है मामला
बुधवार की सुबह पुलिस को बेरी अस्पताल के बाहर संदिग्ध अवस्था में एक श्रमिक के शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया था और परिजनों को सूचित कर दिया था। श्रमिक के शरीर पर चोट के निशान थे।
वर्जन
बुधवार को बेरी अस्पताल के बाहर मिले श्रमिक के शव के मामले में मृतक के भाई के बयान पर सुकेश, मंजीत, दौलत, रविकांत उर्फ बंटी के खिलाफ लाठी-डंडों से पिटाई करने से हुई हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीरवार को झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या के आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुंदरपाल, थाना प्रभारी, बेरी।