-फोटो 59 : बहादुरगढ़ में एक दुकान में खरीदारी करने पहुंचे लोग। संवाद
बहादुरगढ़। करवाचौथ के लिए बाजार पूरी तरह तैयार हो गए है। बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। सराफा की दुकानों में ग्राहक बढ़ रहे हैं। बाजार में सोने-चांदी के बढ़े रेटों का असर नजर आ रहा है। इस बार सोना महंगा होने के कारण लोग हल्के मंगलसूत्र और पायल खरीद रहे हैं।
चांदी की पायलें ज्यादा वजन की पसंद की जा रही हैं। करवाचौथ से पहले शनिवार और रविवार को अच्छी खरीदारी की उम्मीद है।
हरियाणा स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष पवन वर्मा ने बताया कि नवरात्र से गहनों की खरीद शुरू हो गई है। पत्नी को उपहार में देने के लिए मंगलसूत्र और करवाचौथ पर सोने के गहने बेहद हल्के बनवाए जा रहे हैं।
बीते पांच साल के मुकाबले 50 फीसदी कम वजनी गहने बनवा रहे हैं लेकिन खरीदारों की संख्या बढ़ गई हैं। सोना महंगा होते देख कई ग्राहक पहले से ही बुकिंग करा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि करवाचौथ, दीपावली और सहालग को देखते हुए महिलाएं ज्यादा वजन की पायलें पसंद कर रही हैं। किसी पारिवारिक समारोह में उपयोग के लिए 100 ग्राम से ज्यादा वजन वाली पायलों की मांग अधिक हैं। चांदी के कड़ों की भी खूब मांग आ रही है।