झज्जर। आजादी अमृत महोत्सव की शृंखला में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं व बच्चों को जागरूक किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रियंका ने बताया कि पोषण पखवाड़ा के तहत 27 मार्च तक आंगनबाड़ी केंद्रों में 6 वर्ष तक के सभी पंजीकृत बच्चों की लंबाई और वजन के अनुसार वृद्धि निगरानी जांच की गई है। उन्होंने महिलाओं को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। बताया कि खाना बनाते व खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से धोएं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से चलाया जा रहा अभियान नौनिहालों को स्वस्थ रखेगा और कुपोषण से मुक्ति दिलाएगा। महिलाओं को बच्चों की उम्र एवं वजन के अनुसार खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह भी दी गई है। डीसी ने बताया कि महिला और बाल विकास मंत्रालय कि ओर से 4 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पोषण अभियान समग्र रूप से पोषण संबंधी परिणामों में सुधार का प्रयास करता है। अभियान के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर व्यवहार परिवर्तन लाना अहम है।