बहादुरगढ़। क्षेत्र के गांव खरहर में एक व्यक्ति की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कस्सी, कुल्हाड़ी व फरसे से हमला किया था। पड़ोसियों में ये झगड़ा गली में भैंस बांधने को लेकर हुआ था। आसौदा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वीरवार दोपहर को खरहर में गांव निवासी हर्ष पुत्र सोमबीर अपने घर जा रहा था। इस दौरान मकान के नजदीक गली में भैंस बंधी हुई थी। भैंस ने टक्कर मारने की कोशिश की। इस पर वह भैंस को हटाने लगा। यह देख भैंस की मालिक (जसमेर की पत्नी) उसे अपशब्द बोलने लगीं। काफी नोकझोंक के बाद मामला शांत हो गया। मामला पारिवारिक था तो अपने बेटे हर्ष के व्यवहार के लिए सोमवीर अपनी भाभी से माफी मांगने उनके घर गया और बोला कि आगे से बेटा तुम्हारी भैंस को कुछ नहीं कहेगा। तब बात निपट गई थी, लेकिन रात करीब 9 बजे महिला के बेटे नवीन ने सोमवीर व भतीजे अंकित को कॉल कर अपशब्द बोलने लगीं। धमकी भी दी और उन्हें अपने घर के बाहर बुलाया। इसके बाद सोमवीर व उसका भाई जगमेंद्र वहां चले गए। वहां जसमेर, उसकी पत्नी बाला, दोनों लड़कियां और पुत्रवधु बाहर आई। आरोप है कि उनके हाथ में फरसे, कुल्हाड़ी व रॉड आदि धारदार हथियार थे। झगड़ा हुआ और उन्होंने सोमवीर व उसके भाई जगमेंद्र पर हमला कर दिया।
इस हमले में सोमवीर को अधिक चोट आई। जैसे-तैसे परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों ने बीच बचाव किया। सोमवीर की हालत नाजुक थी। काफी खून बह चुका था। उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीजीआई में सोमवीर के परिजनों के बयान लिए गए। जगमेंद्र के बयान पर आसौदा थाने में जसमेर व उसके परिवार पर हत्या का केस दर्ज हुआ है। आसौदा थाना प्रभारी अशोक दहिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।