उच्चतर शिक्षा विभाग ने हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की तरफ से महिला कांस्टेबल पदों की लिखित परीक्षा के मद्देनजर स्नातक कक्षाओं की पहली मेरिट लिस्ट के दाखिलों की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। अब 20 सितंबर को शाम पांच बजे तक फीस जमा की जा सकेगी। नए संशोधित शेड्यूल के अनुसार दूसरी मेरिट लिस्ट 22 सितंबर को जारी होगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 22 सितंबर से 25 सितंबर तक फीस भर सकेंगे। इसके बाद भी अगर सीटें खाली रहती हैं तो उनको भरने के लिए नए आवेदनों के लिए 28 सितंबर को एडमिशन पोर्टल दोबारा खुलेगा। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर में बीएससी, बीकॉम, बीसीए और बीबीए स्नातक कक्षाओं की पहली मेरिट लिस्ट के तहत शनिवार को भी दाखिले हुए और अब तक 303 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवा दी है। इनमें बीए के 141, बीएससी नॉन मेडिकल के 54, बीएससी मेडिकल के 17, बीकॉम के 47, बीसीए के 24 व बीबीए के 20 विद्यार्थी सम्मिलित हैं।
नेहरू कॉलेज की प्राचार्य दीपा कुमारी ने कहा कि जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आया है, उनसे जरूरी प्रमाण पत्र कॉलेज में लिए जा रहे हैं और उनकी जांच भी की जा रही है। अब तक विभिन्न कक्षाओं के 181 विद्यार्थी अपने प्रमाण पत्रों की जांच और जरूरी दस्तावेज जमा करवाने के लिए कॉलेज में उपस्थित हुए हैं। विद्यार्थियों से ऑनलाइन एडमिशन फार्म की हार्ड कॉपी, एडमिशन फीस की रसीद, फोटोग्राफ, सभी मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र और सभी प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी के सेट लिए जा रहे हैं।
जिन विद्यार्थियों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में आ गया लेकिन यदि उनको अपनी पहली च्वाइस का मनपसंद कॉलेज नहीं मिल पाया और उन्होंने पहली मेरिट लिस्ट में अलॉट किए गए कॉलेज में एडमिशन नहीं लिया तो उनके नाम पर दूसरी मेरिट लिस्ट में विचार किया जा सकता है।
- डॉ. अमित भारद्वाज, मीडिया प्रभारी, झज्जर।