बहादुरगढ़। पुलिस ने रोहतक निवासी दो युवकों को तस्करी करके ले जाई जा रही लाखों रुपये की अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। उन्हें आसौदा के पास कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे क्षेत्र से पकड़ा गया। पेशी के दौरान अदालत ने दोनों को सात दिन तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। आरोपियों की कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
सीआईए-प्रथम बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने शास्त्री नगर रोहतक के निवासी विजय कपूर और सलारा मोहल्ला रोहतक के सुरेश नारंग को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीले पदार्थ अफीम की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि सहायक उप निरीक्षक अश्वनी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम थाना आसौदा के एरिया में खुफिया तौर पर तैनात थी। टीम को सूचना मिली थी कि एक कार में नशीले पदार्थों की सप्लाई का अवैध धंधा करने वाले रोहतक निवासी सुरेश नारंग व विजय कपूर सवार है और वह केएमपी मानेसर से आकर रोहतक की तरफ जाएगा। उसकी गाड़ी में काफी मात्रा में अफीम है। इस सूचना पर पुलिस टीम केएमपी से रोहतक की तरफ उतरने वाले रोड के पास पहुंची। टीम ने नाकाबंदी करके केएमपी की तरफ से आने वाली गाड़ियाें पर कड़ी निगाह रखने लगी। थोड़ी ही देर बाद केएमपी की तरफ से एक रिट्ज कार आती दिखाई दी। टीम ने गाड़ी को इशारा करके रुकवाया और उसमें बैठे दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया।
मौके पर पहुंचे एसडीई संदीप के समक्ष नियमानुसार तलाशी ली गई तो दोनों के कब्जे से नशीला पदार्थ अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम का वजन किया गया तो 04 किलो 490 ग्राम मिली। आरोपियों के खिलाफ थाना आसौदा में मामला दर्ज किया गया है। रविंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी अफीम तस्करी करके लाए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ कोर्ट में पेश किया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपी विजय कपूर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और सुरेश नारंग को पूछताछ के लिए 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।