-फोटो 56 : बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन।
बहादुरगढ़। रेलवे विभाग की ओर से बहादुरगढ़ से गुजरने वाली दो पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। ट्रेनों के रद्द होने से बहादुरगढ़ से दिल्ली और रोहतक की तरफ सफर करने वाले हजारों यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। यह ट्रेनें 28 फरवरी तक रद्द की गई हैं। रेलवे विभाग के अधिकारियों ने ट्रेनों के रद्द करने के पीछे कोहरे के दौरान एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने को बताया गया है। उधर, दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल ने रेलवे विभाग से इन ट्रेनों के संचालन की मांग की है।
उन्होंने बताया कि कोहरे के मौसम को देखते हुए रेल विभाग ने दिल्ली मंडल की चार जोड़ी सवारी गाड़ियों को तीन माह के लिए रद्द कर दिया है। इनमें गाड़ी नंबर 04987 (दिल्ली-जींद सवारी गाड़ी) जो दिल्ली से सुबह 11:40 पर प्रस्थान कर 12:47 पर बहादुरगढ़, 1:44 पर रोहतक व शाम 3:35 पर बहादुरगढ़ पहुंचती है। दूसरी सवारी गाड़ी नंबर 04431 ( दिल्ली-जाखल) जो दिल्ली से शाम 3:30 पर प्रस्थान कर 4:31 पर बहादुरगढ़, 5:23 पर रोहतक व 8:50 पर जाखल जंक्शन पर पहुंचती है। इस गाड़ी को 28 फरवरी 2025 तक रद्द किया गया है। इसी प्रकार सवारी गाड़ी नंबर 04424 (जींद-दिल्ली सवारी गाड़ी) सुबह 7.05 मिनट पर जींद से प्रस्थान कर 8:12 पर रोहतक, 9:05 पर बहादुरगढ़ व 10:33 पर दिल्ली जंक्शन पहुंचती है, को 28 फरवरी 2025 तक व रद्द की गाड़ियों में गाड़ी नंबर 04988 (जींद- दिल्ली सवारी गाड़ी) जो जींद से शाम 3:50 पर प्रस्थान कर 4:56 पर रोहतक जंक्शन व 5:57 पर बहादुरगढ़ से प्रस्थान कर 7:30 पर दिल्ली जंक्शन पर पहुंचती है, को भी 28 फरवरी तक रद्द किया गया है।
उधर, रेल यात्रियों का कहना है कि अभी धुंध का मौसम शुरू भी नहीं हुआ है तो अभी से इन महत्वपूर्ण ट्रेनों को इतने लंबे समय तक रद्द करने का क्या औचित्य है। इन चार जोड़ी गाड़ियों को पहले भी रेल विभाग की ओर से कई महीनों तक अनिश्चितकाल के रद्द किया गया था। इससे यात्रियों को दिल्ली, रोहतक की तरफ आवागमन करने में काफी परेशानी हुई थी।