बहादुरगढ़। नगर में अलग-अलग स्थानों पर फंदा लगाने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। खुदकुशी के असल कारण जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए।
लाइनपार क्षेत्र के नरसिंह नगर में रहने वाले सूरज ने अपने घर में ही उस समय फंदा लगा लिया जब परिवार के सदस्य घर के दूसरे कमरों में थे। उसने यह कदम रात के समय उठाया। सुबह परिवार के सदस्यों ने उसे पंखे के हुक से बंधे फंदे से लटकते हुए पाया। सूरज तीन बच्चों का पिता था। ऑटो चालक का कार्य करता था। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सूरज ने यह किन परिस्थितियों के चलते उठाया। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया घटना मानते हुए कार्रवाई की है।
उधर, शहर के जटवाड़ा मोहल्ला में भी एक शख्स ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। जांच अधिकारी जयभगवान ने बताया कि बिहार मूल के रोशन पांडेय ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। जिस समय रोशन ने यह कदम उठाया उस समय उसका भाई ड्यूटी पर गया हुआ था। पीछे से जब कमरे में कोई नहीं था तो रोशन ने फंदा लगा लिया। शाम के वक्त उसका भाई ड्यूटी से लौटा तो देखा कि रोशन फंदे पर लटका हुआ था। बाद में उसने पुलिस को इसके बारे में बताया। जांच अधिकारी ने बताया कि नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया गया है।