बहादुरगढ़। दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर अलग-अलग जगहों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। एक घटना छोटूराम नगर फाटक के पास हुई और दूसरी बहादुरगढ़-आसौदा स्टेशन के बीच हुई है।
राजकीय रेलवे पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पहचान के लिए 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिए हैं। बता दें कि शुक्रवार रात करीब 1 बजे आसौदा-बहादुरगढ़ के बीच में अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक की मौत हो गई। मृतक की उम्र 25 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। मृतक के कपड़ों में ऐसा कुछ नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान संभव हो सके।
जांच अधिकारी मंजीत कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर ग्रे कलर की पैंट व पैरों में सैंडल हैं। मृतक की पहचान से संबंधित सूचना सभी चौकियों व थानों में दे दी गई। वहीं छोटूराम नगर फाटक के निकट रात करीब 12 बजे एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी भी पहचान नहीं हो पाई। इसकी सूचना धौलाधार ट्रेन के लोको पायलट ने जीआरपी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। (संवाद)