सिकंदपुर गांव से चार दिन पूर्व संदिग्ध अवस्था में लापता हुए मानसिक रूप से परेशान युवक का शव गांव के तालाब में पानी में उतराता मिला है। सिकंदरपुर में रविवार की सुबह जब ग्रामीण वोट डालने पहुंचे तो स्कूल के सामने नए तालाब में युवक का शव उतराता दिखा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपने आला अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एएसआई रमेश कुमार, योगेश कुमार मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। मृतक की पहचान गांव के ही पवन पुत्र जिले सिंह के तौर पर हुई है। शव को निकलवाने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि पवन मानसिक रूप से विक्षिप्त था और परिवार जनों ने 27 अक्तूबर को गुमशुदा की रिपोर्ट भी सदर थाना झज्जर में दर्ज कराई थी। एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि शव को पानी से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
सीमेंट प्लांट के पीछे मिली लाश
झाड़ली गांव में सीमेंट प्लांट के पीछे एक युवक का शव मिला है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार युवक कई दिनों से आसपास के क्षेत्र में घूम रहा था। वह पेशे से ट्रक चालक था। मृतक की पहचान कृष्ण पुत्र ओम प्रकाश निवासी भदानी के रूप में हुई है। प्लांट के पीछे शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लिया। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछने के बाद मृतक की पहचान हो सकी।